जल संरक्षण कविता | पानी का करो संचय | मनहरण घनाक्षरी

चित्र
परिचय जल ही जीवन का आधार है, फिर भी बढ़ती जनसंख्या, जल का अपव्यय, प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के कारण जल संकट लगातार गहराता जा रहा है। ऐसे समय में जल संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रस्तुत मनहरण घनाक्षरी "पानी का करो संचय" जल बचाने, वर्षा जल संचयन, नदियों की स्वच्छता, वृक्षारोपण और प्रकृति के संतुलन का प्रेरक संदेश देती है। आइए, इस कविता के माध्यम से जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझें और उसे सहेजने का संकल्प लें ।        पानी का करो संचय मत करो अपव्यय जल से ही जीवन है जल को बचाइये । खेती - बाड़ी घर बार जल ही जीवन सार प्रभु का है वरदान सबको बताइये। बहता है अविरल नदियों में कल-कल नदियों को स्वच्छ कर मधुता बढ़ाइये जल है सभी की जान प्रकृति हितैषी मान  बूँद बूँद संचय की मुहिम चलाइये जल तो है अनमोल नल नहीं व्यर्थ खोल इसका महत्व जान व्यर्थ ना बहाइये सुनो जल की जुबानी  चुक रहा सब पानी कर लो जतन शीघ्र समय ना गंवाइये अतिवृष्टि अनावृष्टि बिगड़ी समस्त सृष्टि वन से है संतुलन वृक्ष भी लगाइये ग्रीष्म में बढ़ा है ताप जल कुंड बने भाप सूखती धरा है आ...

उत्तराखंड में मधुमास - दोहे

 

Spring season Uttarakhand


नवपल्लव से तरु सजे, झड़़े पुराने पात ।

महकी मधुर बयार है, सुरभित हुआ प्रभात ।।


पुष्पों की मुस्कान से, महक रही भिनसार ।

कली-कली पे डोलके, भ्रमर करे गुंजार ।।


भौरे गुनगुन गा रहे , स्नेह भरे अब गीत ।

प्रकृति हमें समझा रही ,परिवर्तन की रीत ।।


आम्र बौंर पिक झूमता , कोकिल कूके डाल ।

 बहती बासंती हवा   टेसू झरते लाल ।।


 गेहूँ बाली हिल रही, पुरवाई के संग ।

पीली सरसों खिल रही, चहुँदिशि बिखरे रंग ।।


पिघली बर्फ़ पहाड़ की, खिलने लगे बुरांस ।

सिंदूरी सेमल खिले, फ्यूंली फूली खास ।।


श्वेत पुष्प से लद रहे, हैं मेहल के पेड़ ।

पंछी घर लौटन लगे, शहर प्रवास नबेड़ ।।


बन-बन हैं मन मोहते, महके जब ग्वीराल ।

थड़िया-चौंफला गीत सु, गूँज उठी चौपाल ।।


बेडू तिमला फल पके, पके हिंसर किनगोड़ ।

काफल, मेलू भी पके,   लगती सबमें होड़ ।।


हरियाली चौखट लगी, सजे फूल दहलीज ।

फूलदेइ त्यौहार में, हर मन हुआ बहीज ।।


जीवन मधुमय हो गया , मन में है उल्लास ।

प्रकृति खुशी से झूमती,आया जब मधुमास ।।


भिनसार=सुबह

नबेड़=निपटाकर)

बहीज=आनंदित)

इसके अलावा उत्तराखंड के पर्व , लोकगीत-नृत्य और फल एवं फूलों के वृक्ष आदि का रचना में जिक्र जिनका है उनके विषय में संक्षिप्त जानकारी निम्न है ।

बुरांस, सेमल,फ्यूंली, मेहल, ग्वीराल आदि सुंदर फूलों वाले वृक्ष हैं जो उत्तराखंड के पहाड़ों पर बसंत ऋतु में खिलते हैं । बुरांस फूल जिसके सुंदर रंग रूप एवं औषधीय गुणों के कारण इसे राष्ट्रीय पुष्प भी घोषित किया गया है ।

थड़िया-चौंफला - ये उत्तराखंड के विशेष लोकगीत-नृत्य हैं , जिनका आयोजन बसंत पंचमी के दौरान किया जाता है । जब रातें लम्बी होती हैं तो मनोरंजन के लिए गाँव के लोग मिलकर थड़िया और चौंफला का आयोजन करते हैं  ।

बेडू, तिमला, हिंसर किनगोड़, मेलू, काफल  आदि बहुत से फल इस मौसम में पहाड़ों पर पकने शुरु होते हैं ।

फूलदेई त्योहार - फूलदेई पर्व उत्तराखंड का प्रसिद्ध पर्व है । इस पर्व को मुख्यतः बच्चे मनाते हैं इसलिए इसे लोक बाल पर्व भी कहा जाता है । चैत्र मास की प्रथम तिथि यानी 14 या 15 तारीख को जिस दिन हिन्दू नव वर्ष का प्रथम दिन होता है उसी दिन से शुरू होता है ये फूलदेई पर्व।

इस पर्व में गाँव के छोटे बच्चे पूरे चैत मास सुबह-सुबह सबके घरों की चौखट पर जौ की हरियाली टाँगते हैं एवं देहलीज पर फूल बिखेरते हैं । और बड़े उन्हें खाने-पीने की वस्तुएं एवं उपहार आदि भेंट देते हैं ।


पढिए बसंत ऋतु के आगमन पर आधारित गीत

        बसंत की पदचाप




टिप्पणियाँ

  1. बहुत ही अच्छे अर्थपूर्ण दोहे. आपको होली मुबारक हो. हार्दिक शुभकामनायें

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. हार्दिक धन्यवाद एवं आभार आ. सर !
      आपको भी होली की हार्दिक शुभकामनाएं ।

      हटाएं
  2. भौरे गुनगुन गा रहे , स्नेह भरे अब गीत ।

    प्रकृति हमें समझा रही ,परिवर्तन की रीत ।।

    बहुत ही सुंदर सृजन और साथ ही उत्तराखंड के फल,फूल और त्योहारों का परिचय पाकर आनंद आ गया सुधा जी
    होली की हार्दिक शुभकामनायें

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. तहेदिल से धन्यवाद एवं आभार कामिनी जी !
      होली की बहुत बहुत शुभकामनाएं आपको ।

      हटाएं
  3. आदरणीया मैम, सादर प्रणाम। आपके ब्लॉग पर बहुत दिनों बाद आना हुआ। आपकी यह कसर इतनी सुंदर है कि मुझे लगा यह कविता पढ़ते पढ़ते मैं भी उत्तराखण्ड घूम आयी। प्रकृति का अत्यंत सुंदर वर्णन किया है आपने। पुनः प्रणाम।

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. हार्दिक धन्यवाद एवं आभार प्रिय अनंता !
      होली की असीम शुभकामनाएं आपको ।

      हटाएं
  4. आपकी लिखी रचना सोमवार 6 मार्च 2023 को
    पांच लिंकों का आनंद पर... साझा की गई है
    आप भी सादर आमंत्रित हैं।
    सादर
    धन्यवाद।

    संगीता स्वरूप

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. हृदयतल से धन्यवाद एवं आभार आ. संगीता जी ! मेरी रचना अपने विशेषांक मे चयन करने हेतु ।
      होली की हार्दिक शुभकामनाएं आपको ।

      हटाएं
  5. जीवन मधुमय हो गया , मन में है उल्लास ।
    प्रकृति खुशी से झूमती,आया जब मधुमास ।।

    फागुन के सुंदर आयामों से सजे सुंदर रंगबिरंगे और सारगर्भित दोहे! होली की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई 💐💐

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. तहेदिल से धन्यवाद एवं आभार सखी !
      आपको भी होली की अनंत शुभकामनाएं ।

      हटाएं
  6. बेडू तिमला फल पके, पके हिंसर किनगोड़ ।
    काफल, मेलू भी पके, लगती सबमें होड़ ।।उत्तराखंड की प्राकृतिक सुषमा को समाहित किये अत्यंत सुन्दर दोहे ।

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. हृदयतल से धन्यवाद एवं आभार मीनाजी !
      होली की अनंत शुभकामनाएं आपको ।

      हटाएं
  7. अहा!सुधाजी काव्य रस से सराबोर श्र्लाघनीय अभिव्यक्ति, सुंदर प्रकृति ज्यों शब्दों में उतर आई ।
    अप्रतिम प्रस्तुति।
    रंगोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं।

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. तहेदिल से धन्यवाद एवं आभार कुसुम जी !
      आपको भी रंगोत्सव की अनंत शुभकामनाएं ।

      हटाएं
  8. सुंदर प्रस्तुति। होली की हार्दिक शुभकामनायें

    जवाब देंहटाएं
  9. बहुत बढ़िया
    रंगपर्व की हार्दिक शुभकामनायें

    जवाब देंहटाएं
  10. बहुत सुन्दर प्रस्तुति,मानों जैसेपूरे उत्तराखंड की रीति, रिवाज, फल, फूल एवम वहां की सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झांकियों की बयार एकाएक खुशबु लिए आंखों के सामने तैरने लगे गई। साधुवाद।

    जवाब देंहटाएं
  11. जीवन मधुमय हो गया , मन में है उल्लास ।

    प्रकृति खुशी से झूमती,आया जब मधुमास ।।
    बहुत सुन्दर दोहे👏👏👏

    जवाब देंहटाएं
  12. प्रकृति का बहुत ही सुंदर वर्णन किया है आपने, सुधा दी। सभी दोहे गजब के है।

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

फ़ॉलोअर

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

करते रहो प्रयास (दोहे)

दर्द होंठों में दबाकर....

विश्वविदित हो भाषा

लेबल

कुण्डलिया छन्द3 गजल10 गढ़वाली कविता एवं उसका हिन्दी रूपांतरण1 गढ़वाली गीत1 गर्मी पर कविता1 गर्मी पर बाल कविता1 गीत18 गीतात्मक कविता1 चौपाई1 जलवायु परिवर्तन ग्लोबल वार्मिंग1 दोहा मुक्तक3 दोहे6 नवगीत15 नारी सशक्तिकरण1 पारिवारिक कहानी1 पुस्तक समीक्षा1 प्रसंग1 प्रार्थना3 प्रेणादायक आलेख1 प्रेरक लघुकथा1 प्रेरणादायक कहानी1 प्रेरणादायक हिंदी कविता1 बाल कविता3 भावनात्मक1 भावनात्मक रचना1 मन1 मनहरण घनाक्षरी छंद6 महिला सशक्तिकरण पर प्रेरणादायक कहानी।1 माता पिता1 मुक्तक4 मुहावरे पर आधारित लघुकथा2 रिश्ते1 रोला छंद2 लघु कथा2 लघु कहानी6 लघुकथा20 लेख4 व्यंग कविता1 व्यंग लेख1 शिक्षा -परीक्षा1 संघर्ष1 संस्मरण1 संस्मरणात्मक लेख1 सकारात्मक सोच1 समीक्षा2 साहित्य1 हाइबन1 हायकु3 हास्यव्यंग कविता1 हास्यव्यंग लघुकथाएं1 हिंदी भावनात्मक कहानी1 हिंदी साहित्य1 हिन्दी कविता1
ज़्यादा दिखाएं