परित्यक्ता नहीं..परित्यक्त | पति की बेवफाई और सास ससुर का साथ - हिन्दी कहानी

चित्र
परिचय क्या एक पत्नी सिर्फ इसलिए सब कुछ सहती रहे क्योंकि उसके पास मायके से विदा लेने बाद जाने के लिए कोई और ठिकाना नहीं है ? क्या प्रेम विवाह करने वाली स्त्री अपने ही रिश्तों में सबसे अधिक अकेली हो जाती है ? यह कहानी है सना की जिसे पति की बेवफाई ने तोड़ने की कोशिश की लेकिन उसके सास ससुर ने उसे परित्यक्ता नहीं बल्कि सम्मानित बेटी बनाकर दुनिया के सामने एक मिसाल कायम कर दी पढ़िए रिश्तों विश्वासघात और स्वाभिमान की हृदयस्पर्शी हिंदी कहानी दिल्ली की हल्की ठंडी सुबह थी। खिड़की से छनकर आती धूप ड्रॉइंग रूम के फर्श पर सुनहरी चादर बिछा रही थी, लेकिन सना के मन में जैसे धूप का एक कतरा भी नहीं बचा था। पिछले कुछ महीनों से वह प्रतीक के व्यवहार में बदलाव साफ महसूस कर रही थी। देर रात तक मोबाइल पर मुस्कुराकर बातें करना, उसके आते ही स्क्रीन लॉक कर देना, छोटी-छोटी बातों पर झल्ला उठना—सब कुछ बदलता जा रहा था। "प्रतीक! आज बच्चों के स्कूल में पेरेंट्स-टीचर्स मीटिंग है... तुम भी चलोगे?" सना ने धीमे स्वर में पूछा। प्रतीक ने मोबाइल से नजर उठाए बिना कहा— "मुझसे क्यों पूछ रही हो? अपने काम खुद नहीं कर ...

मेरी माँ: ममता, संघर्ष और निस्वार्थ प्रेम की कहानी

"माँ केवल जन्म देने वाली नहीं होती, बल्कि जीवन के हर संघर्ष में हमारी सबसे बड़ी ताकत होती है। माँ का प्यार, त्याग, आशीर्वाद और निस्वार्थ सेवा जीवन को संबल देते हैं। इस मदर्स डे पर प्रस्तुत है मेरी माँ पर एक भावुक हिंदी लेख, जिसमें उनकी दिनचर्या, ममता और संघर्षों को शब्दों में संजोने की कोशिश की गई है।"


माँऔर बेटी के प्यार पर भावनात्मक हिंदी लेख  




माँ का प्यार और समर्थन हमें सिर्फ बचपन में ही नहीं अपितु जीवन के हर संघर्षों में आत्मविश्वास के साथ खड़े होने की हिम्मत देता है । माँ की ममता और आशीर्वाद का एहसास होते ही हर मुश्किल का सामना करना सम्भव हो जाता है । और माँ के पास बैठते ही तमाम संघर्षों की थकन और दर्द छूमन्तर हो जाते हैं ।

आज मातृ-दिवस पर सभी मातृ-शक्तियों को नमन, वंदन, हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं ।

बहुत समय बाद कुछ दिनों के लिए माँ का सानिध्य मिला । माँ तो माँ है । मेरी लेखनी में इतना दम कहाँ कि माँ को लिख सकूँ , हाँ ! माँ की दिनचर्या लिखकर यादें संजोने की कोशिश कर रही हूँ ।

  

 माँ हमेशा माँ ही रहती है :                   

च्चे बड़े हुए बेटियाँ विदा हुई बेटे भी नौकरीपेशा हुए । समय बदला , स्थान तक बदल गये ।

माँ को भी सास , नानी , दादी की डिग्रियां मिली।

पर माँ है कि हमेशा माँ ही रही। वैसी ही फिकर , वैसी ही परवाह ,और वैसी ही व्यस्तता ।


पशु पक्षियों और दीन-हीनों के प्रति माँ का प्रेम :

 कभी बच्चों के खानपान , स्कूल, पढाई के साथ ही गाय- बच्छी और खेत-खलिहान की परवाह तो अब तड़के सुबह फूल, पौधे, चिड़ियों के दाने पानी की परवाह ।  और तो और गली में घूमती गायें और उनके बछड़े ऊँचे गेट के कुण्डे पर सींग मारकर , "माँ...हूँ.... की आवाज करके बड़े हक से तब तक शोर मचाते हैं जब तक अन्दर से माँ की आवाज न सुनाई दें । और माँ भी न जाने कैसे ही सुनती समझती है उनकी अनकही फरमाइशें । 

हैरानी तब होती है जब गली के कुत्ते बिल्ली ना जाने कौन से संकेत से माँ से गेट खुलवाकर ले जाते हैं अपना हिस्सा बड़े हक से ।

 शेरू (कुत्ते) को दूध या घी चुपोड़कर रोटी देती माँ नखरे ही तो उठाती है न उसके ,  सूखी रोटी इसके गले से नहीं उतरती कहकर । 

तभी शनिदान कहते हुए गेट पर खड़े भिखारी को देख दौड़ती है माँ तेल लेने आँगन से रसोई में । तो कभी कोई अनजान वृद्ध माँगा करता है माँ से गरमागरम चाय । 

माँ न थकती है न खीझती है । आराम या आलस तो माँ जानती ही नहीं ।


बिमारी में भी माँ का धैर्य :

अब माँ कुछ अस्वस्थ भी रहती है, कहती हैं उम्र का तकाजा है । इसे स्वीकार कर अपने रहन-सहन और खान-पान में ही बदलाव करती रहती है ।

तभी एक दिन अचानक माँ की कमर में चणका लग गया । बहुत दर्द में रही माँ ! बहुत दवाइयों और इलाज के बाद कमर का दर्द कुछ कम हो गया पर एक पैर मे दर्द बना रहा । डॉक्टर्स बोले कि माँ के पैर में साइटिका हो गया है अब इसे ठीक होने में तो समय लगेगा ।

अब माँ दौड़-भाग पहले सा नहीं कर पाती । ये बात माँ के गेट पर खड़े होने वाले कुत्ते बिल्ली, गाय,और भिखारियों तक को पता है । शनिदान लेने वाला माँ के गेट पर लगी घंटी बजाकर बाकी घरों से दान लेने चला जाता है । माता जी कैसा है अब आपका पैर ? आकर दान लेते समय जरूर पूछता है । और अपने कुछ नुख्से भी बताता रहता है माँ को ।

जाने कैसे सुनती रहती है माँ इन सबको ! मैं तो सोचती ही रह जाती हूँ । गाय भी अपने सींग से गेट बजाकर कुछ देर खड़ी इंतजार करती है । जैसे समझती है कि माँ को आने में अब समय लगता है ।  गली के कुत्ते - बिल्ली माँ का दिया खाना बाद में खाते हैं पहले माँ को घेर कर उनके पैर चाटते हैं । ऐसा लगता है जैसे खैर - खबर पूछ रहे हों ।

और माँ भी तो कभी कुढ़ती नहीं उन पर । बड़े प्यार से कहती है , बस बस हो गया जाओ अब अपना खाना खा लो ! बस बस ..

माँ की सुबह इन्हीं के साथ गुजर जाती है । इन सबसे कभी परेशान नहीं होती माँ !  कभी नहीं कहती कि आज गाय की रोटी रहने देती हूँ । नहीं सोचती कि पड़ोस वाले पिला लेंगे इसे पानी । 

माँ कितनी भी व्यस्त हो गेट पर गाय कुत्ते बिल्ली या फिर भिखारी जो भी हो, पहचान जाती है उनके खटखटाने की आवाज और तरीके से उन्हें, और उनकी जरूरत पूरी करने के लिए अपना काम छोड़कर जाती है बाहर ।  वैसे ही लेती है उन सबको जैसे घर के सदस्य हों ।


माँ से मिलने वाला साहस :

जीवन के हर परिवर्तन को स्वीकार कर जीवन जीने की ऐसी अद्भुत कला कोई मेरी माँ से सीखे। अकेलापन हो या बिछुड़न,इन सबका रोना कभी नहीं रोती मेरी माँ । हमें याद कर आँखों में आँसू अनायास आ भी जायें तो एक मीठी मुस्कराहट के साथ अपने परमेश्वर को समर्पित कर लेती है ।

जब कभी हम माँ का ख्याल रखते हैं , उन्हें कोई योगाभ्यास , प्राणायाम या कुछ भी सिखाते हैं तो माँ वह सब सीखने का हरसंभव प्रयास करती है , तब माँ एकदम अबोध सी बच्ची लगती है, और वहीं जब हम पर कोई संकट आता है तो माँ हौसले की चट्टान सी बनकर तन जाती है । माँ के पास हमारी हर समस्या का समाधान होता है । तब लगता है जैसे माँ के पास ज्ञान का भंडार है । कभी - कभी तो माँ से कहकर ही समस्या खत्म हो जाती है , कुछ करने की जरूरत ही नहीं पड़ती ।

मैं सोचती हूँ कि क्या माँएं ऐसी ही होती हैं ? मन कहता है, हाँ ! माँ है न, तो ऐसी ही तो होंगी । पर मैं भी तो माँ हूँ और माँ से तुलना ! सोच भी नहीं सकती ।


मेरी माँ मेरी प्रेरणा :

माँ आपके दर्शन, लाड़-प्यार और आपके स्नेह भरे शब्दों के बिना मेरा कोई भी दिन पूरा नहीं होता, क्योंकि आप मेरे जीवन मे सबसे विशेष हैं । आप मेरी प्रेरणा, मेरी पहली गुरु और पहली दोस्त हैं। मैं अत्यंत भाग्यशाली हूँ कि मैं आपकी बेटी हूँ ।


निष्कर्ष :

माँ केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि ईश्वर का दिया हुआ सबसे अनमोल उपहार होती है। उनकी ममता, त्याग, प्रेम और आशीर्वाद हमारे जीवन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। जीवन कितना भी कठिन क्यों न हो, माँ का साथ हर दर्द को हल्का कर देता है। मदर्स डे पर सभी मातृ शक्तियों को नमन और उनकी निस्वार्थ ममता को हृदय से प्रणाम।



✨धन्यवाद 🙏

पढ़िए 'माँ' पर मेरी अन्य रचनाएं

● माँ ! तुम सचमुच देवी हो

● वृद्ध होती माँ






टिप्पणियाँ

  1. बहुत सुंदर पर हां अब तो मां खुद ही प्राणायाम भी कर लेती हैं। और तो और अपने आप को ठीक और स्वस्थ बता रही है।ढाई कुंतल गेहूं मंगाए है और कहा है कि मैं खुद ही इन्हें साफ कर सुखाऊंगी । मां को नतमस्तक।

    जवाब देंहटाएं
  2. हाँ सुधा जी ! सभी माँ ऐसी होती हैं । आपकी पोस्ट को पढ़ते हुए मेरी आँखों के आगे मेरी माँ की छवि साकार हो उठी । माँ के वात्सल्य से पगी बहुत सुन्दर पोस्ट । माँ को सादर प्रणाम !

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

फ़ॉलोअर

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

करते रहो प्रयास (दोहे)

विश्वविदित हो भाषा

मंगलमय नववर्ष हो