तीन कुण्डलिया :- भारत महान, हार और विचलित

चित्र
अनुभूति पत्रिका में प्रकाशित  तीन कुण्डलिया कुण्डलिया हिन्दी साहित्य का एक लोकप्रिय छंद है जो अपनी लय, भाव और संदेश के कारण पाठकों को आकर्षित करता है। प्रस्तुत हैं तीन कुण्डलिया— 'भारत महान', 'हार' और 'विचलित'। इन रचनाओं में देशप्रेम, संघर्ष में सकारात्मक सोच तथा मानसिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया है।  भारत महान सारे जग मे हो रहा ,भारत का गुणगान । शुभ संस्कारी भावना, है इसकी पहचान ।  है इसकी पहचान, सभ्यता बड़ी निराली । सर्व धर्म सत्कार, बनाता गौरवशाली । कहे सुधा सुन मीत, लगा लो तुम भी नारे । भारत देश महान, कह रहे जग में सारे।। हार हार करें स्वीकार जो, होते नहीं निराश । सतत परिश्रम कर सदा,मन में रखते आस ।। मन में रखते आस, नहीं बाधा से डरते । गिरकर उठते रोज, कभी ना मन से थकते ।। कहे सुधा निज बात, है यही जीत का सार । करते रहें प्रयास, सौपान बनेगी हार ।। बिचलित विचलित गर मन हो रहा, कर लें प्राणायाम । साधें श्वास - प्रश्वास निज, मिले सुखद आराम ।। मिले सुखद आराम, धैर्य मन में है आता । मिटे बिचार विकार, भाव निर्मल हो जाता ।। कहे सुधा सुन मीत,श्वास साधें जो नियमित...

जो घर देखा नहीं सो अच्छा | प्रेरणादायक कहानी

 परिचय 

हम अक्सर दूर से दूसरों का जीवन देखकर उसके सुख और वैभव से प्रभावित हो जाते हैं। जो हमारे पास नहीं होता, वही हमें अधिक आकर्षक लगता है। परंतु हर चमकती हुई चीज़ सुख और संतोष का प्रतीक नहीं होती। प्रस्तुत लघुकथा इसी मानवीय प्रवृत्ति और स्वतंत्रता के महत्व को सरल किंतु मार्मिक ढंग से उजागर करती है।



एक आज़ाद चिड़िया अपने बच्चों के साथ सुनहरे पिंजरे में बंद पक्षियों को देख रही है। यह चित्र स्वतंत्रता, संतोष और जीवन के वास्तविक सुख का प्रतीक है।



 एक चिड़िया ने अपने बच्चों को शहर के पॉश इलाकों में घुमाने का प्रोग्राम बनाया । जो उनके नीड़ से काफी दूर था । चिड़िया और उसके नन्हें बच्चे वहाँ जाने के लिए बहुत उत्साहित थे । 

अगले दिन बड़े तड़के सुबह ही उन्होंने उड़ान भर दी । थोड़ी देर में वे सुन्दर आलीशान भवनों और ऊँची -ऊँची इमारतों को देखकर बहुत ही खुश और आश्चर्यचकित थे, और चूँ-चूँ कर अपनी ही भाषा में अपनी माँ से उत्सुकतावश तरह तरह के सवाल कर रहे थे , माँ चिड़िया भी अपने बच्चों को बड़े लाड़ से उनके सवालों के जबाब में ही जीवन के गुर भी सिखाये जा रही थी । 

वहाँ के बाग बगीचे साफ-सुथरे और फूलों से लदे थे , जिन पर तरह तरह की रंग-बिरंगी तितलियों को मंडराते देखकर नन्हीं चिड़ियों की खुशी का तो ज्यों ठिकाना ही न था । और माँ चिड़िया अपने बच्चों (नन्हीं चिड़ियों) की खुशी से अत्यंत खुश थी ।

वे हर एक चीज को देखते और उसकी तुलना अपने इलाके की चीजों से करते हुए इधर-उधर फुर्- फुर्र उड़े जा रहे थे ।  यूँ ही बतियाते उड़ते - उड़ते वे सभी एक बहुमंजिली इमारत की छत में बनी पानी की टंकियों में बैठे तो वहाँ बने टेरेस गार्डन को देखते ही रह गये । 

सुंदर हरे-भरे सदाबहार पौधों और सुगंधित रंग-बिरंगे पुष्पों से सजा ये टेरेस गार्डन अपने-आप में अनोखा इसलिए भी था, क्योंकि इसमें कुछ सुनहरे पिंजड़े लटक रहे थे, जिनमें सुन्दर-सुन्दर पंछी बंद थे, जो बहुत ही सुरीली चहचहाहट के साथ कोई मधुर सुरमई संगीत गुनगुना रहे थे । उनके हर पिंजड़े में खूब सारे स्वादिष्ट एवं विशिष्ट खाद्यान्न यूँ ही पड़े थे ।

चिड़िया और उसके बच्चे उन पंछियों के भाग्य पर बलिहारी जा रहे थे । वे उन सुनहरे पिंजड़ों की तुलना अपने टूटे फूटे सूखे नीड़ से करने लगे, साथ ही ऐसे-ऐसे खाद्यान्न जिनकी कल्पना तक उन्होंने स्वप्न में भी नहीं की, उन्हें देखकर चिड़िया के बच्चे ललचा गये और अपनी माँ से उन्हें खाने की जिद्द करने लगे ।

कुछ देर बाद उन बंद पंछियों का सुरमई संगीत खत्म हुआ तो वे दुखी मन आकाश की ओर ताकने लगे । तभी चिड़िया ने देखा कि उनमें एक चिड़िया उसकी बचपन की सखी लग रही है , तो वह चूँ-चूँ कर उसके पास जाकर उसके पिजड़े के तारों को पकड़ने की कोशिश में फड़फड़ाने लगी।

 पिंजड़े में बंद पक्षी ने भी उसे देखा और नजर मिलते ही उसने भी अपनी सखी को पहचान लिया । भावविभोर होकर दोनों की आँखें नम हो गई। बंद पक्षी अपनी सखी के गले लगने को फड़फड़ाई तो उस सुनहरे पिंजड़े की मजबूत तारों से टकराकर उसके पंख टूटकर बिखरने लगे , वह दर्द से कराह उठी और वापस अपनी जगह बैठकर टुकर-टुकर लाचार सी अपनी सखी को बस देखती रह गई ।

दोनों ने एकदूसरे की कुशलक्षेम पूछी तो बाहर वाली चिडिय़ा ने उसे अपने नन्हें बच्चों से मिलवाया । फिर उस इलाके एवं उस सुंदर टेरेस गार्डन की प्रशंसा के साथ उसकी खुशकिस्मती एवं उसके मालिक की सहृदयता का गुणगान करने लगी, जिसने इतने खूबसूरत पिंजड़े में इतने सारे विशेष खाद्यान्नों के साथ उसे इतनी आरामदायक और खुशहाल जिंदगी दी है ।

उसकी बातें सुन पिंजड़े में बंद चिड़िया अनमने से मुस्कराई और पिंजड़े को हिलाकर कुछ अन्न के दाने नीचे फेंकती हुई उदास होकर बोली , "सखी ! ये कुछ दाने बच्चों को खिलाकर फौरन यहाँ से चली जाओ ! यहाँ के ऐश्वर्य पर मन लगाकर यहाँ रुके तो यहीं फँसकर रह जाओगे। बस इतना समझने की कोशिश करना कि मैं इतनी ही खुशकिस्मत होती और यहाँ के मालिक इतने सहृदय और दयालु होते तो इस सुनहरे पिंजड़े का दरवाजा बंद ना होता । बस ये समझो कि जो घर देखा नहीं सो अच्छा " !

चिड़िया के बच्चे बड़े चाव से फटाफट स्वादिष्ट खाद्यान्नों को चुग-चुग कर मजे ले ही रहे थे कि तभी किसी की पदचाप की आहट सुन माँ चिड़िया अपने बच्चे को जबर्दस्ती वहाँ से उड़ा ले चली ।

वापस अपने नीड़ में आकर जब चिड़िया के बच्चे वहाँ की बढ़ा-चढ़ाकर तारीफ कर रहे थे , तब माँ चिड़िया की आंखों में अपनी सखी का उदास चेहरा घूम गया । और वह अपने बच्चों को अपने डैने में समेटते हुए बोली, "जो घर देखा नहीं सो अच्छा "


निष्कर्ष

यह लघुकथा हमें सिखाती है कि दूसरों के जीवन का केवल बाहरी वैभव देखकर उसकी कामना नहीं करनी चाहिए। जो स्वतंत्रता, अपनापन और संतोष हमें अपने जीवन में प्राप्त है, उसका मूल्य किसी भी ऐश्वर्य से कहीं अधिक है। वास्तव में हर चमकती हुई वस्तु सोना नहीं होती और हर सुखद दिखने वाला जीवन भीतर से सुखी हो, यह आवश्यक नहीं। इसलिए अपने जीवन के प्रति कृतज्ञ रहना ही सच्चा सुख है।



✨धन्यवाद🙏

इसी तरह की अन्य कहानियाँ पढ़ने के लिए निम्न लिंक्स पर क्लिक कीजिए ।

■ पराया धन - बेटी या बेटा

■ परित्यक्ता नहीं..परित्यक्त | पति की बेवफाई और सास ससुर का साथ - हिन्दी कहानी





टिप्पणियाँ

  1. बहुत बहुत सुन्दर भाव पूर्ण रचना |

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. तहेदिल से धन्यवाद आ.आलोक जी !
      बहुत दिनों बाद आपकी प्रतिक्रिया पाकर लेखन सार्थक हुआ ।
      सादर आभार 🙏🙏

      हटाएं
  2. चिड़ियों के माध्यम से बहुमूल्य सीख देती रचना ,सच चकाचौंध की दुनिया हमें बहुत लुभाती है मगर वहां की हकीकत तो वहीं जानते हैं, बहुत ही सुन्दर सृजन सुधा जी 🙏

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. जी, कामिनी जी ! तहेदिल से धन्यवाद एवं आभार आपका ।

      हटाएं
  3. सीख देती और रोचक कहानी
    बहुत सुंदर

    जवाब देंहटाएं
  4. मर्मस्पर्शी शिक्षाप्रद लघुकथा. स्वतंत्रता भौतिक सुख-सुविधाओं से सर्वथा श्रेष्ठतम है.

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. तहेदिल से धन्यवाद एवं आभार आ. रविन्द्र जी ! आपकी सारगर्भित प्रतिक्रिया पाकर सृजन सार्थक हुआ ।

      हटाएं
  5. कथानक का ताना-बाना बहुत सुन्दरता से बुना है सुधा जी! कथा का उद्देश्य शिक्षाप्रद है जो बहुत प्रभावित करता है ।

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. हृदयतल से धन्यवाद एवं आभार मीनाजी ! आपकी सारगर्भित समीक्षा पाकर सृजन सार्थक हुआ ।

      हटाएं
  6. हार्दिक धन्यवाद एवं आभार सखी ! मेरी रचना को मंच पर साझा करने हेतु ।

    जवाब देंहटाएं
  7. "कहीं भली है कटुक निबौरी,
    कनक कटोरी की मैदा से"
    अक्षरशः आपने जीवंत कर दिया दी।
    अत्यंत सार्थक संदेश देती बहुत अच्छी कहानी।
    सस्नेह प्रणाम दी
    सादर।

    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. सस्नेह आभार एवं धन्यवाद प्रिय श्वेता !
      आपकी स्नेहासिक्त प्रतिक्रिया पाकर सृजन सार्थक हुआ ।

      हटाएं
  8. हार्दिक धन्यवाद एवं आभार आ.जोशी जी !

    जवाब देंहटाएं
  9. बहुत ही सुंदर भावपूर्ण हृदयस्पर्शी लघु कथा

    जवाब देंहटाएं
  10. एकदम सटीक प्रेरक रचना प्रिय सुधा जी! जीवन में इस तामझाम और नकली चकाचौंध ने अपना जाल बिछा रखा है जिसमें सरलमना लोग आसानी से फंस जाते हैं! अबोध पंछी भी अपनी उड़ान का आनंद खोकर सोने के पिंजरे में कैद हो अपने भाग्य को कोसते हैं! बड़ी सुंदर कहानी है! चिड़िया और उसके बच्चों के माध्यम से बहुत बड़ा सबक सिखाने का प्रयास सार्थक है! अच्छा लग रहा है आपकी विभिन्न रचनाएँ पढ़कर ❤


    जवाब देंहटाएं
    उत्तर
    1. आपको कहानी अच्छी लगी तो श्रम साध्य हुआ ।सराहनीय प्रतिक्रिया से उत्साहवर्धन करने हेतु तहेदिल से धन्यवाद एवं आभार सखी !

      हटाएं

एक टिप्पणी भेजें

फ़ॉलोअर

लेबल

कुण्डलिया छन्द3 गजल11 गढ़वाली कविता एवं उसका हिन्दी रूपांतरण1 गढ़वाली गीत1 गर्मी पर कविता1 गर्मी पर बाल कविता1 गीत18 चौपाई1 जलवायु परिवर्तन ग्लोबल वार्मिंग1 दोहा मुक्तक3 दोहे6 नवगीत15 नारी सशक्तिकरण1 पारिवारिक कहानी1 पुस्तक समीक्षा1 प्रसंग1 प्रार्थना3 प्रेणादायक आलेख1 प्रेरक लघुकथा1 प्रेरणादायक कहानी1 प्रेरणादायक हिंदी कविता1 बाल कविता3 भावनात्मक1 भावनात्मक रचना1 मन1 मनहरण घनाक्षरी छंद6 महिला सशक्तिकरण पर प्रेरणादायक कहानी।1 मुक्तक4 मुहावरे पर आधारित लघुकथा2 रिश्ते1 रोला छंद2 लघु कथा2 लघु कहानी6 लघुकथा20 लेख4 व्यंग कविता1 व्यंग लेख1 शिक्षा -परीक्षा1 संघर्ष1 संस्मरण1 संस्मरणात्मक लेख1 सकारात्मक सोच1 समीक्षा2 साहित्य1 हाइबन1 हायकु3 हास्यव्यंग कविता1 हास्यव्यंग लघुकथाएं1 हिंदी भावनात्मक कहानी1 हिंदी साहित्य1 हिन्दी कविता1
ज़्यादा दिखाएं