मरे बिना स्वर्ग नहीं मिलता : आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी

परिचय

कहावत है—"मरे बिना स्वर्ग नहीं मिलता।" इसका अर्थ केवल कष्ट सहना नहीं, बल्कि पुराने डर, निराशा और निर्भरता को छोड़कर नए जीवन की शुरुआत करने का साहस भी है। प्रस्तुत कहानी इसी भाव को साकार करती है। वीरा और सरला जैसी दो वृद्ध महिलाओं के माध्यम से यह लघुकथा बताती है कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन हों, यदि मन में आत्मविश्वास हो और अनुभवों को नयी दिशा देने का साहस हो तो जीवन के किसी भी पड़ाव पर आत्मनिर्भर बनने की राह निकाली जा सकती है।



बूढ़े नीम की छँटाई करती वृद्ध महिला, आत्मनिर्भरता, आत्मसम्मान और नई शुरुआत का प्रतीक


"कभी-कभी जीवन में आगे बढ़ने के लिए जड़ों को नहीं, केवल सूखी शाखाओं को काटना पड़ता है। यही सोचकर वीरा उस बूढ़े नीम की छँटाई कर रही थी..."

 कंधे में लटके थैले को खेत की मेंड मे रख साड़ी के पल्लू को कमर में लपेट उसी में दरांती ठूँस बड़े जतन से उस बूढ़े नीम में चढ़कर उसकी अधसूखी टहनियों को काटकर फैंकते हुए वीरा खिन्न मन से अपने में बुदबुदायी, "चल फिर से शुरू करते हैं । हाँ ! शुरू से शुरू करते हैं, एक बार फिर , पहले की तरह"। 

फिर धीरे-धीरे उसकी बूढ़ी शाखें पकड़ नीचे उतरी। लम्बी साँस लेकर टहनी कटे बूढ़े नीम को देखकर बोली, "उदास मत हो ,  अब बसंत आता ही है फिर नई कोंपल फूटेंगी तुझ पर । तब दूसरों की परवाह किए बगैर लहलहाना तू, और जेष्ठ में खूब हराभरा बन बता देना इन नये छोटे बड़बोले नीमों को, कि यूँ हरा-भरा बन लहलहाना मैंने ही सिखाया है तुम्हें ! बता देना इन्हें कि बढ़ सको तुम खुलकर इसलिए मैंने अपनी टहनियां मोड़ ली,पत्ते गिरा दिये ,जीर्ण शीर्ण रहकर तुम्हारी हरियाली देख और तुम्हें बढ़ता देख खुश होता रहा पर तुम तो मुझे ही नकचौले दिखाने लगे" !

दराँती को वहीं रखकर कमर में बंधे पल्लू को खोला और बड़े जतन से लपेटते हुए सिर में ओढ़ थैला लिए वीरा चलने को थी कि पड़ोसन ने आवाज लगायी , 

"वीरा ! अरी ओ वीरा ! आज बरसों बाद आखिर काट ही लिया तूने ये बूढ़ा नीम ! पर ये क्या ! ऊपर ही ऊपर काटा ? अरे ! जड़ से काट लेती, सर्दियों में धूप तो सेंकते । वैसे भी इसकी अब क्या जरूरत ! इत्ते सारे और नीम उग ही आये हैं यहाँ । अब ये ना भी रहे तो क्या फरक पड़ जायेगा ? और ये झोला लिए कहाँ जा रही है" ?

"चुप कर सरला ! टोकने की आदत ना छोड़ी तूने ! अब पूछ ही बैठी है तो बताए देती हूँ , हाँ ! काट छाँट लिया है मैंने ये बूढ़ा नीम । पर इसे उगटाने के लिए नहीं , और अच्छे से हरियाने के लिए ।  क्यों ना फरक पड़ेगा इसके ना होने से ? अरे ! बड़ा फरक पड़ेगा!  तुझे नहीं तो ना सही , मुझे पड़ेगा और इसे तो पड़ेगा ही। होंगे बतेरे नये नीम उगे हुए , पर इसके लिए थोड़े ना है ।  सब इसी से हैं पर इसके लिए कोई नहीं" । कड़वा सा मुँह बनाकर आगे बोली,  "जिसको इसकी फिकर नहीं ये भी अब उनकी फिकर नहीं करेगा । देख लेना फिर से हरियायेगा ये"।

"सरला समझ गई कि वीरा नीम की नहीं, अपने जीवन की बात कर रही है । उसे लगी है कहीं गहरे में, बहुत गहरी सी । 

उसे भी तो लगती है आये दिन अपनों की रूखाई से, पर बेबसी है । अब उन्हीं के सहारे ही तो जीना है,फिर क्या कहना,क्या सोचना ! 

पास जाकर कंधे में हाथ रखकर बोली, "छोड़ ना क्या देखना ! अपना-अपना भाग , अपने-अपने करम । पर बुढ़ाना तो सभी ने है । यही होना है सबका । छोड़ जाने दे, दिल पे मत लगाया कर" !

"छोड़ ही दिया है मैंने तो सरला" ! पर मैं ना बेबस हूँ और ना ही मजबूर" ।  हाथ झाड़ते हुए सिकुड़ी आँखों से आसमान की ओर देखा झुर्रियों भरे माथे पर बल दे ठंडी साँस लेते हुए बोली, "जिंदगी का तजुर्बा तो है न, काम ही आवेगा ! बाकी चार दिन ही तो बचे हैं जीवन के , कट ही जायेंगे जैसे - तैसे" । 

सुनकर सरला ने आश्चर्य से पूछा, "अब कौन से तजुर्बे की बात कर रही है ? सुई में धागा ना डलेगा अब" ! 

"ना डले तो ना सही ।  तमाम बहू बेटियाँ जो सीखना चाहेंगी वही डालेंगी न सुई में धागा" । कहते हुए वीरा मुस्कुरायी ।

"अच्छा तो अब सिलाई सिखायेगी ! ये बढ़िया है । तेरा तो हो गया जुगाड़, पर हमारा क्या होना" ! सरला ने कहा तो वीरा बोली , "चाहे तो तू भी कर सके है अभी भी अपना जुगाड़" !

"मैं !..? अरे मैं क्या कर सकूँ अब ? जीवन भर बस चौका- चूल्हा किया और बच्चे पाले , और कुछ तो सीखा ही ना कभी" । तभी वीरा बोली "हाँ  !  वही तो !  बच्चे तो पाले हैं न ! अभी भी तो सम्भालती है नाती पोतों को । दो-चार और सम्भाल ले ! ये भी तो तजुर्बा ही है ।अड़ोस -पड़ोस में कितनी ही कामकाजी औरतें अपने छोटे बच्चों के कारण घर बैठ हो गयी हैं । कल को उनकी दशा भी हम सी ही होनी है। अच्छा है न, हम उन्हें निभायें वो हमें निभा लें । समझी कुछ" ?

"शिशुपालन गृह" ! कहते हुए सरला का चेहरा चमक उठा । फिर अगले ही पल निराश होकर बोली , "हो नी पायेगा मुझसे अकेले" ।

"अकेले क्यों करना , और भी तो हैं  साथी हमारे । उमर काटी है एक दूसरे के सुख - दुख में ।  साथ मिलकर रोये और हँसे हैं । अब बुढ़ापे का बोझ भी मिलकर उठाते हैं न "।

"ये ठीक है वीरा ! सबका यही हाल है ,चल पहल करते है"। 

"हाँ सरला ! करना ही पड़ेगा, ऐसे क्यों हाथ पैर होते हुए हाथ पर हाथ धरे मौत का इंतजार करना। या फिर दूसरों का मुँह ताकते हुए खरी - खोटी सहना । जितना हो सके अपने लिए अपने आप कुछ करने की कोशिश करते हैं ज्यादा नहीं तो लून रोटी का जुगाड़ तो हो ही जायेगा । अब जमाना बदल गया तो हम भी बदल जाते हैं"। 

"हाँ वीरा ! इसीलिए कहते हैं  'मरे बिना स्वरग नहीं मिलता , अब स्वर्ग जाना है तो मरना तो पड़ेगा न। इज्ज़त से जीना है तो अपने बल पर जीना होगा । तो जीते हैं अपने बल पर " !

 दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थाम लिया, बूढ़ी आँखे आशा से पुनः चमक उठी ।

अब उनके कदम केवल घर की ओर नहीं, एक नए उद्देश्य की ओर बढ़ रहे थे। गाँव में शीघ्र ही एक 'शिशुपालन गृह' की शुरुआत होने वाली थी और दो उपेक्षित वृद्धाएँ फिर से अपने बल पर आत्मसम्मान से जीने की योजना बना रही थीं । उन्हें समझ आ गया था कि सचमुच 'मरे बिना स्वर्ग नहीं मिलता'—पुरानी बेबसी को मारे बिना आत्मसम्मान से जीने का स्वर्ग नहीं मिलेगा ।

 

निष्कर्ष

यह कहानी हमें सिखाती है कि सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए केवल दूसरों का सहारा नहीं, बल्कि अपने अनुभवों पर विश्वास भी आवश्यक है। "मरे बिना स्वर्ग नहीं मिलता" का वास्तविक अर्थ है—पुरानी सोच, भय और असहायता को त्यागकर नए साहस के साथ आगे बढ़ना। जब हम स्वयं बदलने का निर्णय लेते हैं, तभी जीवन में आशा, आत्मसम्मान और नए अवसरों का स्वर्ग हमारे सामने खुलता है।



सादर धन्यवाद 🙏


पढ़िए स्त्री विमर्श से सम्बंधित मेरी अन्य कहानियाँ

●  सिर्फ ग्रहिणी

●  बदलाव - अपनों के खातिर



टिप्पणियाँ

  1. परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी विपरीत हों जब तक जीवन है तब जीने के उपक्रम करने ही पड़ते हैं।
    जी दी बहुत सकारात्मक संदेश के साथ लिखी गयी चलचित्र की भाँति सुंदर कहानी।
    सस्नेह प्रणाम दी
    सादर।
    -----
    जी नमस्ते,
    आपकी लिखी रचना मंगलवार १२ मार्च २०२४ के लिए साझा की गयी है
    पांच लिंकों का आनंद पर...
    आप भी सादर आमंत्रित हैं।
    सादर
    धन्यवाद।

    जवाब देंहटाएं
  2. सामाजिक परिस्थितियों से सरोकार रखती.., जीवन को गतिमान और स्वावलम्बन से जीने का संदेश देती बहुत सुन्दर लघुकथा सुधा जी !

    जवाब देंहटाएं
  3. सकारात्मक संदेश देती बहुत ही बढ़िया लघुकथा।

    जवाब देंहटाएं
  4. प्रिय सुधा, बहुत अच्छी कहानी है! वो दिन गए जब परिवार में बड़ों की सेवा उनके बिस्तर पर होती थी! आज भागमभाग के युग में हर कोई स्वाबलंबी और आत्म निर्भर रहे तो बेहतर! भावी पीढी भी वीरा जैसे कर्मठ लोगों से प्रकृति जुड़कर उनके प्रति कृतज्ञता रखना जरूर सीखेगी! बहुत प्रेरक विचार है कथा में ❤

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

फ़ॉलोअर

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

ब्लॉग से मुलाकात..बहुत दिनों बाद

दर्द होंठों में दबाकर....

नयी सोच

लेबल

कविता -हास्यव्यंग1 कहानी19 कह़ानी1 कहानीकविता1 कांवड़1 कुण्डलिया छंद5 कुण्डलिया छन्द3 गजल10 गढ़वाली कविता एवं उसका हिन्दी रूपांतरण1 गढ़वाली गीत1 गर्मी पर कविता1 गर्मी पर बाल कविता1 गीत18 गीतात्मक कविता1 गुरु महिमा कविता1 गुरु महिमा पर दोहा मुक्तक1 घरेलू हिंसा1 चिड़िया1 चौपाई | पावस पर कविता | बरसात पर कविता | सावन | शिव भक्ति1 छंद कविता1 जल संरक्षण पर कविता1 जलवायु परिवर्तन ग्लोबल वार्मिंग1 दोहा मुक्तक3 दोहा-मुक्तक1 दोहे7 नवगीत15 नारी सम्मान1 नारी सशक्तिकरण1 परिवार1 पाँच लिंकों का आनंद स्थापना दिवस1 पारिवारिक कहानी2 पारिवारिक रिश्ते1 पावस पर कविता1 पुस्तक समीक्षा1 प्रकृति3 प्रकृति कविता2 प्रार्थना3 प्रेणादायक आलेख1 प्रेरक लघुकथा1 प्रेरणादायक कहानी1 प्रेरणादायक हिंदी कविता1 बरसात पर कविता1 बाल कविता3 बुज़ुर्ग1 भक्ति कविता1 भगवान शिव2 भावनात्मक1 भावनात्मक रचना1 मन1 मनहरण घनाक्षरी2 मनहरण घनाक्षरी छंद5 महादेव1 महिला सशक्तिकरण1 महिला सशक्तिकरण पर प्रेरणादायक कहानी।1 माँ का त्याग1 माँ की ममता1 माता पिता1 माता-पिता1 मुक्तक3 मुहावरे पर आधारित लघुकथा1 मोबाइल की लत तकनीक डिजिटल जीवन1 राम भक्ति1 रिश्ते2 रोला छंद2 लघु कथा2 लघु कहानी6 लघुकथा19 लेख3 वर्षा ऋतु1 व्यंग कविता1 व्यंग लेख1 शरद ऋतु2 शराब की लत1 शिक्षा -परीक्षा1 शिव भक्ति2 शिव महिमा1 शुभकामना कविता1 संघर्ष1 संवेदनाएँ1 संस्मरण2 संस्मरणात्मक लेख1 सकारात्मक सोच1 सच्ची घटना1 सद्गुरु1 समीक्षा2 सामाजिक कहानी1 सामाजिक लेख1 सावन1 साहित्य1 हाइबन1 हायकु3 हास्यव्यंग कविता1 हास्यव्यंग लघुकथाएं1 हिंदी कहानी1 हिंदी भावनात्मक कहानी1 हिंदी लघुकथा प्रेरक लघुकथा रिश्ते मनमुटाव संवाद जीवन दर्शन1 हिंदी लघुकथा माँ का त्याग प्रेरक लघुकथा प्रेरणादायक कहानी1 हिंदी लेख1 हिंदी साहित्य1 हिन्दी कविता1
ज़्यादा दिखाएं